अपराध

मनचलों से परेशान छात्रा ने की खुदकुशी, दुष्कर्म की हुई थी कोशिश

सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के एक गांव में मनचलों से परेशान कक्षा 11वीं की छात्रा ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली छात्रा चार दिनों से अपनी ननिहाल में आई हुई थी।  बुधवार रात दो युवकों ने घर में घुसकर उससे दुष्कर्म की भी कोशिश की थी। छात्रा के पिता ने दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को घर ले गए।

गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसकी 16 वर्षीय बेटी कक्षा 11 में पढ़ती थी। चार दिन पहले सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के एक गांव में ननिहाल में छुट्टी काटने के लिए आई थी। आरोप है कि बिचपड़ी गांव के रहने वाले अभिषेक (18) और गौरव (18) छात्रा से छेड़छाड़ करते थे और कई दिन से परेशान कर रहे थे। 

बुधवार रात दोनों आरोपियों ने घर में घुसकर छात्रा से दुष्कर्म की कोशिश की। शोर मचाने पर ग्रामीणों ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया और सूचना पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया था। वहीं, बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे आहत छात्रा ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। 

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने आरोपी अभिषेक और गौरव के खिलाफ धारा 306, 458, 376, 511 आईपीसी और पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। 

Like us share us

Related Articles

Back to top button