नई दिल्ली. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने बुधवार को एक नया इतिहास रचते हुए चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडर चंद्रयान-3 की साफ्ट लैंडिग कराने में सफलता हासिल की. चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर ने बुधवार शाम करीब छह बजकर चार मिनट पर चांद की सतह को छुआ. अब विक्रम ने चंद्रमा से इसरो के कमांड सेंटर को संदेश भेजा है.
इसरो को भेजे मैसेज में चंद्रयान ने कहा, ‘भारत, मैं अपने गणतव्य पर पहुंच गया हूं और आप भी!’ इसके साथ ही उसने कहा, चंद्रयान-3 ने चांद पर सफलतपूर्वक लैंडिंग की. बधाई हो, भारत!

चांद के ध्रुवीय क्षेत्र पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला पहला देश बना भारत
इसरो के इस महत्वाकांक्षी तीसरे मून मिशन ‘चंद्रयान-3’ के लैंडर मॉड्यूल (एलएम) ने बुधवार शाम चंद्रमा की सतह को छूकर अंतरिक्ष विज्ञान में सफलता की एक नई इबारत लिखी. वैज्ञानिकों के अनुसार, इस अभियान के अंतिम चरण में सारी प्रक्रियाएं पूर्व निर्धारित योजनाओं के अनुरूप ठीक से चलीं. चंद्रयान-3 की इस सफलता के साथ ही भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ करने वाला दुनिया का पहला देश तथा चांद की सतह पर ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ करने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया.