AAP नेता संजय सिंह समेत 3 के खिलाफ FIR दर्ज

लखीमपुर। लखीमपुर की गोला कोतवाली में आम आदमी पार्टी (आप) के नेता व राज्य सभा सांसद संजय सिंह समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है। एफआइआर दर्ज कराने के लिए दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि संजय सिंह व उनके दो सहयोगियों ने समाज को बांटने और सामाजिक समरसता बिगाड़ने वाला बयान दिया। कोतवाली गोला क्षेत्र के अलीगंज निवासी शिकायतकर्ता अरविंद कुमार गुप्ता ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि बीती 12 अगस्त को संजय सिंह ने अपने सहयोगी सभाजीत सिंह और बृजकुमारी के साथ प्रेस कांफ्रेंस की थी।

इसमें संजय सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा था कि उत्तर प्रदेश में लोगों को चुन-चुनकर मारा जा रहा है। ब्राह्मणों पर अत्याचार हो रहा है। किसी भी ब्राह्मण से पूछ लें वह आपको मुख्यमंत्री के खिलाफ गुस्सा बताएगा। भाजपा के 58 विधायक ब्राह्मण हैं और वो भी बहुत गुस्सा हैं। उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ब्राह्मण हैं लेकिन, वह आवाज नहीं उठाते। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य एक भी मौर्य का काम नहीं करा पाए। राष्ट्रपति दलित हैं, उन्हें भी राम मंदिर शिलान्यास में नहीं बुलाया गया। केवल ठाकुरों का काम हो रहा है। राजभर, कुर्मी, यादव, सोनकर, निषाद, तेली, नाई आदि सरकार से नाराज हैं। संजय सिंह ने इन वर्गों से नियुक्त डीम और एसपी की संख्या भी पूछी।
शिकायतकर्ता अरविंद ने संजय सिंह व उनके सहयोगियों पर आरोप लगाया कि इन लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से समाज को जाति व धर्म के आधार पर बांटने व सामाजिक समरसता बिगाड़ने के उद्देश्य से ये बयान दिया है।

एसपी सतेंद्र सिंह ने बताया कि वादी अरविंद कुमार गुप्ता ने जो तहरीर दी है, उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।

Like us share us

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *